कर्नाटक | कर्नाटक में कन्नड़ राज्योत्सव दिवस के दौरान जहां पूरे राज्य में जश्न का माहौल था, वहीं बेलगावी से हिंसा की चौंकाने वाली खबर सामने आई है। सदाशिवनगर स्थित लक्ष्मी कॉम्प्लेक्स में कुछ अज्ञात लोगों ने भीड़ के बीच चाकू से हमला कर दिया, जिसमें पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूत्रों के अनुसार, हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायलों में दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी को बेलगावी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (BIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तुरंत घटनास्थल को घेरकर सबूत जुटाने शुरू कर दिए। प्रारंभिक जांच में संदेह जताया जा रहा है कि हमलावर बाहर से आए थे।
घायलों की पहचान
पुलिस ने घायलों की पहचान गुरुनाथ वक्कुंड, सचिन कांबले, लोकेश बेटागेरी, महेश विनायक और नजीर पठान के रूप में की है। बेलगावी के पुलिस आयुक्त भूषण बोरासे ने अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।