Shimla, Sanju
शिमला नगर निगम द्वारा लगाए गए स्वच्छता अभियान के एक पोस्टर को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। पोस्टर में भगवान राम को बाल रूप में कूड़े के ढेर पर तीर चलाते हुए दिखाया गया है, जिस पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस शासित नगर निगम पर “सनातन विरोधी मानसिकता” का आरोप लगाया है।
वहीं, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान ने इस मामले में भाजपा पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान से जुड़े जो भी पोस्टर शिमला में लगाए गए हैं, वे केंद्र सरकार की आधिकारिक वेबसाइट से लिए गए हैं और नगर निगम ने इन्हें स्वयं तैयार नहीं किया है।
महापौर चौहान ने कहा, “यह सामग्री केंद्र सरकार द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत भेजी गई है और वेबसाइट पर उपलब्ध है। भाजपा नेता अपने ही केंद्र की सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। अगर उन्हें आपत्ति है, तो उन्हें केंद्र सरकार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवानी चाहिए।उन्होंने भाजपा से भगवान राम के नाम पर राजनीति न करने और शहर के स्वच्छता अभियान को राजनीतिक रंग न देने की अपील की.