चंडीगढ़। हरियाणा की सियासत में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पूर्व मंत्री प्रो. संपत सिंह ने कांग्रेस छोड़ने के तीन दिन बाद बुधवार को इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) का दामन थाम लिया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला की मौजूदगी में उन्होंने इनेलो की सदस्यता ग्रहण की और उन्हें राष्ट्रीय संरक्षक की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस मौके पर संपत सिंह के समर्थकों के साथ उनके बेटे गौरव संपत सिंह ने भी इनेलो में शामिल होकर पार्टी के युवा संगठन में नई जिम्मेदारी संभालने का संकल्प लिया।
गौरतलब है कि प्रो. संपत सिंह ने बीते रविवार को कांग्रेस से नाता तोड़ने की घोषणा की थी। महज तीन दिन के भीतर उनका इनेलो में शामिल होना प्रदेश की राजनीतिक हलचल को और तेज कर गया है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, इनेलो में संपत सिंह की वापसी पार्टी के लिए संगठनात्मक रूप से बड़ा बल साबित हो सकती है।