गुरुग्राम। उद्योग विहार थाना क्षेत्र के डूंडाहेड़ा गांव में सात महीने की गर्भवती महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। आरोपी ने महिला की गला दबाकर हत्या की और शव को कमरे में बेड के नीचे छिपाकर दरवाजे पर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। जब शव सड़ने से बदबू आने लगी और दरवाजे से खून बहता दिखा, तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां महिला का शव क्षत-विक्षत अवस्था में बेड के नीचे मिला। फॉरेंसिक और सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान 26 वर्षीय अंगूरी देवी के रूप में हुई, जो दिल्ली के कापसहेड़ा की रहने वाली थी। वह 20 अक्टूबर को ही डूंडाहेड़ा के वेदराम के मकान में किराए पर रहने आई थी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अंगूरी देवी निजी कंपनी में काम करती थी और अंतिम बार शुक्रवार शाम को देखी गई थी। पुलिस जांच में पता चला कि दो साल पहले उसने गुरुग्राम के बसई निवासी विशाल नाम के युवक से कोर्ट मैरिज की थी, लेकिन छह महीने में ही दोनों अलग हो गए थे।
फिलहाल पुलिस को संदेह है कि महिला के दोस्त अनुज ने यह वारदात की हो सकती है, हालांकि अभी कोई ठोस सबूत नहीं मिला है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और सभी संभावित संदिग्धों से पूछताछ जारी है।