जालंधर I रेलवे प्रशासन ने दोमोरिया पुल के सेंटर सपोर्ट को मजबूत करने का कार्य शुरू कर दिया है, जिसके चलते मंगलवार को पुल का रास्ता पूरे दिन बंद रहा। हालांकि शाम को मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद आवाजाही अस्थायी रूप से बहाल कर दी गई, लेकिन अधिकारियों ने जानकारी दी है कि 7 नवंबर को भी पुल का रास्ता फिर से बंद रहेगा।
रेलवे इंजीनियरों ने बताया कि सेंटर सपोर्ट को मजबूत करने के लिए पहले से तैयार प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद यह काम शुरू किया गया है। इसके लिए दो जेसीबी मशीनों समेत कई आधुनिक उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, मरम्मत कार्य 8 नवंबर तक पूरा होने की संभावना है। इस दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है ताकि पुल की मजबूती और भविष्य में यातायात की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।