नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना अगले दो दिनों में पूर्वोत्तर भारत के गुवाहाटी में अपना पहला पूर्ण-स्तरीय एयर शो आयोजित करने जा रही है। इस भव्य आयोजन में देश के अत्याधुनिक लड़ाकू विमान जैसे राफेल, सुखोई, अपाचे और आईएल-78 रिफ्यूलर अपनी शक्ति का प्रदर्शन करेंगे।
यह शो भारतीय वायुसेना की 93वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में पूर्वी वायु कमान द्वारा आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम शनिवार और रविवार को ब्रह्मपुत्र नदी के किनारे लाचित घाट पर होगा, जहां 25 से अधिक एरियल फॉर्मेशन में 75 से ज्यादा विमान और हेलीकॉप्टर आसमान में अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे शामिल
कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पूर्वी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल सूरत सिंह, राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य, और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।
पहली बार पूर्वोत्तर में इतना बड़ा एयर शो
रक्षा जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र रावत ने बताया कि यह पहली बार है जब भारतीय वायुसेना पूर्वोत्तर में इतने बड़े स्तर पर एयर शो आयोजित कर रही है। इस दौरान वायुसेना के लगभग सभी प्रमुख विमान और हेलीकॉप्टर विभिन्न हवाई करतब करते नजर आएंगे।
उन्होंने कहा कि इस शो का उद्देश्य स्थानीय लोगों को भारतीय वायुसेना की ताकत और आकाश योद्धाओं के शौर्य से रूबरू कराना है।