गोराया | गोराया जालंधर के गोराया क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की जान चली गई। हादसा उस वक्त हुआ जब युवक अपनी मौसी से मिलने के लिए मोटरसाइकिल पर घर से निकला था।
जानकारी के अनुसार, गोराया थाना क्षेत्र के तहत आने वाले गांव दोसांझ कलां की कुलथम रोड कॉलोनी निवासी राकेश कुमार का बेटा सरबजीत उर्फ गोपी अपने गांव चीमा कलां स्थित मौसी के घर जा रहा था। रास्ते में जब वह ढंडवाड़ गेट के पास पहुंचा, तो एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सरबजीत सड़क पर गिर पड़ा और सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सिविल अस्पताल फिल्लौर भेज दिया गया।
चौकी प्रभारी जंग बहादुर ने बताया कि मृतक के पिता राकेश कुमार के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।