कनाडा | नियाग्रा में आयोजित जी-7 विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर (ने कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद (से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय साझेदारी को मजबूत करने और सहयोग के नए आयामों पर चर्चा की।
जयशंकर ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि उन्होंने अनीता आनंद को जी-7 बैठक की मेजबानी के लिए बधाई दी और ‘रोडमैप 2025’ पर हो रही प्रगति की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत और कनाडा के बीच साझेदारी और अधिक सशक्त होने की उम्मीद है।
वहीं, अनीता आनंद ने ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट करते हुए बताया कि बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, सुरक्षा और लोगों के बीच संबंधों को गहरा करने पर चर्चा हुई।
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि जी-7 बैठक में जयशंकर की भागीदारी भारत की ‘ग्लोबल साउथ’ की आवाज को विश्व मंचों पर मजबूत करने और वैश्विक चुनौतियों के समाधान के लिए साझेदार देशों के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
कनाडा ने इस बैठक में जिन साझेदार देशों को आमंत्रित किया है, उनमें ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, भारत, सऊदी अरब, मेक्सिको, दक्षिण कोरिया, दक्षिण अफ्रीका और यूक्रेन शामिल हैं।
गौरतलब है कि जयशंकर की यह कनाडा यात्रा अनीता आनंद की हालिया भारत यात्रा के एक महीने बाद हो रही है, जब दोनों देशों ने व्यापार, ऊर्जा और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वाकांक्षी रोडमैप तैयार किया था। उस दौरान दोनों देशों ने वैश्विक आर्थिक परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए जल्द ही मंत्रिस्तरीय स्तर की व्यापारिक वार्ता शुरू करने पर सहमति भी जताई थी।