दक्षिण कोरिया | दक्षिण कोरिया के बुचियोन शहर में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा उस वक्त हुआ जब एक बेकाबू ट्रक अचानक खुले बाजार में घुस गया। इस भीषण दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 18 अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बाजार में अफरा-तफरी फैल गई।
अग्निशमन विभाग और पुलिस ने तुरंत राहत अभियान शुरू किया और घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि ट्रक भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्र में अचानक नियंत्रण खो बैठा और कई लोगों को रौंदते हुए स्टॉलों में जा घुसा।
पुलिस अधिकारी सोन ब्योंग-सैम ने जानकारी दी कि हादसे के तुरंत बाद 60 वर्षीय ट्रक चालक को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच में यह साफ हुआ है कि चालक शराब या किसी मादक पदार्थ के प्रभाव में नहीं था। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और तकनीकी खराबी या मानवीय गलती के पहलू से जांच शुरू कर दी है।
बुचियोन शहर सियोल महानगरीय क्षेत्र का हिस्सा है और यहां का यह बाजार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों के लिए प्रमुख व्यापारिक केंद्र माना जाता है। हादसे के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया और भीड़ को वहां से हटाया।
अधिकारियों ने बताया कि हादसे के सही कारण का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने ट्रक चालक से पूछताछ शुरू कर दी है और घटना की विस्तृत रिपोर्ट जल्द जारी की जाएगी।