मोरक्को | 2030 में स्पेन, पुर्तगाल और मोरक्को के संयुक्त रूप से होने वाले फीफा वर्ल्ड कप की तैयारियों के बीच मोरक्को पर आवारा कुत्तों की सामूहिक हत्या के गंभीर आरोप लगे हैं। एनिमल राइट्स संगठनों का दावा है कि सरकार ने “सार्वजनिक सुरक्षा और शहरों को सुंदर दिखाने” के नाम पर लाखों कुत्तों को मारने की गुप्त मुहिम शुरू कर दी है।
एनिमल वेलफेयर ग्रुप्स के अनुसार, मोरक्को में लगभग तीन मिलियन (30 लाख) आवारा कुत्ते सड़कों पर घूमते हैं। रिपोर्टों में बताया गया है कि कई शहरों में इन कुत्तों को जहर, गोलियों और जीवित गड्ढों में फेंकने जैसी क्रूर पद्धतियों से खत्म किया गया। सोशल मीडिया पर इस कार्रवाई के खौफनाक वीडियो और तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिनमें नवजात पिल्लों तक की निर्मम हत्या दिखाई गई है।
अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया:
PETA, World Animal Protection और Humane Society International (HSI) जैसी संस्थाओं ने इसे “मानवता के खिलाफ अपराध” करार दिया है और FIFA तथा संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। यूरोप के कई देशों में रहने वाले मोरक्को के नागरिकों ने भी ऑनलाइन मुहिम (#StopKillingDogsMorocco और #FIFABloodCup2030) शुरू की है।
मोरक्को सरकार का जवाब:
मोरक्को सरकार ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि वर्ल्ड कप से पहले किसी जानवर को मारने का आदेश नहीं दिया गया। सरकार ने बताया कि वह मानवीय तरीकों से आवारा कुत्तों की समस्या का समाधान खोज रही है। इसमें Catch, Neuter, Vaccinate, and Release (CNVR) प्रोग्राम के तहत नसबंदी और टीकाकरण शामिल हैं। इसके अलावा, साल के अंत तक पांच बड़े शहरों में नए एनिमल शेल्टर बनाए जाएंगे।
हालांकि स्थानीय एनिमल राइट्स एक्टिविस्ट का कहना है कि जमीनी हालात अभी भी गंभीर हैं और सरकार की पहल सिर्फ अंतरराष्ट्रीय दबाव को शांत करने तक सीमित है।