मुंबई | मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित अमेरिकी रैपर ट्रैविस स्कॉट के बहुप्रतीक्षित कॉन्सर्ट में चोरी की बड़ी वारदातें सामने आई हैं। शो के दौरान भीड़ का फायदा उठाते हुए चोरों ने करीब 18 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल फोन और सोने की चेन पर हाथ साफ कर दिया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कई पीड़ित ताड़देव पुलिस स्टेशन पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
हजारों की भीड़ के बीच स्कॉट के लोकप्रिय ट्रैकों पर दर्शक झूमते नजर आए, लेकिन इसी बीच सक्रिय हुए चोरों के गिरोह ने मौके का पूरा फायदा उठाया। भीड़भाड़ के कारण कई लोगों को चोरी का पता कॉन्सर्ट खत्म होने के बाद ही चला, जिसके बाद हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में 24 मोबाइल फोन और 12 सोने की चेन चोरी होने की पुष्टि हुई है, जिनकी कुल कीमत 18 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। कई पीड़ित कार्यक्रम स्थल से सीधे पुलिस स्टेशन पहुंचे और चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
ताड़देव पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और 304 के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब कॉन्सर्ट स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके और चोरी गए सामान का सुराग मिल सके।
अधिकारियों का कहना है कि जांच तेज गति से चल रही है और कॉन्सर्ट सुरक्षा में हुई चूक की भी पड़ताल की जाएगी। ट्रैविस स्कॉट के शो में हुई इतनी बड़ी चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।