Bilaspur, Subhash-:बिलासपुर जिला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक अहम कामयाबी मिली है। स्वारघाट क्षेत्र में देर रात की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 30 ग्राम चिट्टा बरामद करते हुए दो कुख्यात तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर जिला पुलिस की स्पेशल टीम शनिवार रात स्वारघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत करमाला बस स्टॉप के समीप नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान दो युवक संदिग्ध अवस्था में वहां मौजूद पाए गए। पुलिस को देखते ही दोनों युवक घबरा गए और मौके से भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों का पीछा किया। इस दौरान एक आरोपी ने अपने पास मौजूद नशीला पदार्थ सड़क किनारे फेंक दिया, लेकिन पुलिस ने दोनों को तुरंत काबू में ले लिया।मौके पर की गई जांच में फेंका गया पदार्थ चिट्टा पाया गया, जिसका वजन करीब 30 ग्राम था। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना स्वारघाट में उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परीक्षित शर्मा (30 वर्ष), निवासी बंगाणा, जिला ऊना और हरीश ठाकुर उर्फ गोल्डी (32 वर्ष), निवासी स्वाहन, नयना देवी क्षेत्र, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार हरीश ठाकुर उर्फ गोल्डी का नाम पहले भी चिट्टा तस्करी से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है और उसे जिला में सक्रिय नशा तस्करों में एक बड़ा नाम माना जाता है।मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी मदन धीमान ने बताया कि यह कार्रवाई बिलासपुर पुलिस की स्पेशल टीम द्वारा की गई है। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं को नशे से बचाने के लिए पुलिस सख्त कदम उठाती रहेगी।फि
लहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चिट्टा की सप्लाई कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।