Dharamshala, Rahul-:धर्मशाला में खेले जाने वाले तीसरे टी20 मुकाबले से पहले भारतीय टीम की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने पिच की प्रकृति, ओस के असर, टीम की तैयारियों और अपनी बल्लेबाजी भूमिका को लेकर विस्तार से अपनी बात रखी। तिलक वर्मा ने कहा कि मुकाबला शाम के समय खेला जाएगा, ऐसे में ओस का असर देखने को मिलेगा, लेकिन इससे मैच के नतीजे पर बहुत ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा।
तिलक वर्मा ने पिछले मुकाबलों का जिक्र करते हुए माना कि लक्ष्य का पीछा करते समय भारतीय टीम ने शुरुआती ओवरों में विकेट जल्दी गंवाए हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि यह एक ऐसा क्षेत्र है, जिस पर टीम ने विशेष ध्यान दिया है। तिलक ने कहा कि बल्लेबाजों के बीच इस विषय पर बातचीत हुई है और अगले मुकाबले में बेहतर तालमेल के साथ खेलने की कोशिश की जाएगी।अपनी बल्लेबाजी भूमिका को लेकर तिलक वर्मा ने कहा कि वह टीम की जरूरत के अनुसार किसी भी स्थान पर बल्लेबाजी करने के लिए तैयार हैं। चाहे उन्हें शीर्ष क्रम में मौका मिले या मध्यक्रम में, वह हर जिम्मेदारी निभाने के लिए मानसिक रूप से तैयार हैं। उन्होंने कहा कि हर फॉर्मेट में खुद को ढालने की कोशिश कर रहे हैं ताकि टीम को हर स्थिति में योगदान दे सकें।
धर्मशाला की तेज पिच को लेकर तिलक ने भरोसा जताया और कहा कि पूरी टीम मानसिक और शारीरिक रूप से पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि अभ्यास सत्र के दौरान गीली गेंद से भी अभ्यास किया गया है, ताकि मैच के दौरान यदि गेंद स्विंग करती है या ओस का असर होता है, तो खिलाड़ियों को परेशानी न हो।टॉस को लेकर पूछे गए सवाल पर तिलक वर्मा ने कहा कि पहले बल्लेबाजी या गेंदबाजी करने से ज्यादा फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि ओस दोनों पारियों में प्रभाव डालेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय टीम तीसरे टी20 में बेहतर प्रदर्शन करते हुए सीरीज में मजबूती से वापसी करेगी।