जींद | पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हरियाणा के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। नए साल का पहला दिन प्रदेश के लिए इस सीजन का सबसे ठंडा दिन साबित हुआ। वीरवार तड़के से ही कई जिलों में बूंदाबांदी दर्ज की गई, जबकि तेज पूर्वी हवाओं के कारण ठिठुरन और बढ़ गई। मौसम विभाग ने हालात को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के चलते दक्षिणी पंजाब और उत्तरी राजस्थान के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना है, जिसका सीधा असर हरियाणा पर पड़ रहा है। बुधवार सुबह से ही अधिकतर क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता घटकर कई जगह 10 मीटर तक पहुंच गई। बादलों की घनी चादर के कारण दिनभर धूप नहीं निकल सकी, जिससे अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई और कई जिलों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रही।
तापमान की बात करें तो जींद में अधिकतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सबसे कम न्यूनतम तापमान रहा। हिसार, रोहतक, सोनीपत, फरीदाबाद और अंबाला समेत कई जिलों में दिन और रात दोनों समय ठंड का असर साफ नजर आया।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि वीरवार को कुछ इलाकों में हल्की बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद 2 जनवरी से हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में कोहरा, शीतलहर, कोल्ड डे और पाले की स्थिति और गंभीर हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ठंड और कोहरे के दौरान सावधानी बरतें, अनावश्यक यात्रा से बचें और विशेष रूप से सुबह-शाम वाहन चलाते समय सतर्क रहें।