Shimla, Sanju-:धर्मशाला में सामने आई हालिया घटना को लेकर हिमाचल प्रदेश सरकार एक्शन मोड में आ गई है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने इस घटना को गंभीर और दुखद बताते हुए तत्काल उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग ने एक हाई-लेवल कमेटी का गठन किया है, जो पूरे प्रकरण की विस्तृत पड़ताल करेगी।
समिति में तीन प्रिंसिपल होंगे शामिल
शिक्षा मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि यह समिति एडिशनल डायरेक्टर शिक्षा हरीश शर्मा की अध्यक्षता में गठित की गई है। कमेटी को तीन दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट शिक्षा सचिव को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही आगे की सख्त कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा।इस जांच समिति में तीन प्रिंसिपलों को शामिल किया गया है, जिनमें एक महिला प्रिंसिपल भी सदस्य हैं, ताकि जांच प्रक्रिया संतुलित और निष्पक्ष बनी रहे। मंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रोफेसर अशोक कुमार पर लगे आरोपों की भी इसी समिति द्वारा गहराई से जांच की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
रोहित ठाकुर ने यह भी कहा कि इस मामले की जांच पुलिस विभाग द्वारा समानांतर रूप से की जा रही है, ताकि सभी पहलुओं को कवर किया जा सके। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि शिक्षा विभाग में पहले से लागू गाइडलाइंस को अब और अधिक सख्ती से लागू किया जाएगा।शिक्षा मंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि प्रदेश सरकार जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है और शिक्षा व्यवस्था में अनुशासनहीनता या अनियमितता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।