सिरसा | कालांवाली रेलवे पुल के समीप सिरसा-बठिंडा रेल मार्ग पर एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक और युवती की मौत हो गई। मृतकों की पहचान लगभग 25 वर्षीय मनप्रीत सिंह निवासी गांव खतरावां और करीब 23 वर्षीय सुखप्रीत कौर निवासी गांव पक्का शहीदां के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा सोमवार तड़के करीब 2 बजे हुआ। बठिंडा से सिरसा होते हुए जम्मू-कटड़ा जा रही ट्रेन जब कालांवाली पुल के पास पहुंची, तो लोको पायलट को रेल ट्रैक पर युवक और युवती पड़े हुए दिखाई दिए। चालक ने तुरंत ट्रेन को रोका और गार्ड ने इसकी सूचना रेलवे प्रशासन को दी।
सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पाया गया कि युवक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल अवस्था में थी। घायल युवती को एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल कालांवाली ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिरसा के सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि इलाज के दौरान युवती ने भी दम तोड़ दिया।
कालांवाली रेलवे चौकी प्रभारी भूप सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।