लुधियाना। दुगरी क्षेत्र में नगर निगम की ओर से पानी सप्लाई की नई पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है। नहर पुल से लेकर दुगरी फेज-1 की लाइटों तक मुख्य सड़क को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और इस पूरे हिस्से में बैरिकेडिंग लगाई गई है।
ट्रैफिक पुलिस के जोन इंचार्ज सब इंस्पेक्टर धर्मपाल ने बताया कि पाइपलाइन डालने के कार्य के चलते मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। हालांकि, सर्विस लेन को चालू रखा गया है ताकि लोगों को कुछ हद तक राहत मिल सके। वाहनों को साथ वाले स्लिप-वे के जरिए आगे भेजा जा रहा है।
पुलिस और नगर निगम प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे आने वाले कुछ दिनों तक वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और इस मार्ग से गुजरते समय ट्रैफिक निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।