लुधियाना | लुधियाना के टैगोर नगर स्थित प्रसिद्ध चार्टर्ड अकाउंटेंट अश्वनी कुमार के दफ्तर ‘अश्वनी एंड एसोसिएट्स’ में देर शाम एसआईटी ने छापेमारी की। इस दौरान पुलिस सतविंदर सिंह कोहली को भी साथ लेकर दफ्तर पहुंची। जैसे ही पुलिस ने दफ्तर में प्रवेश किया, वहां मौजूद वकीलों ने सर्च वारंट और सरकारी आदेश की मांग की, जिस पर पुलिस और वकीलों के बीच तीखी बहस हुई।
पुलिस की कार्रवाई पर स्थानीय सीए और वकीलों ने विरोध जताया। सीए समुदाय के सदस्य मौके पर इकट्ठा हुए और नारेबाजी कर पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया। विवाद करीब आधे घंटे तक चलता रहा।
पुलिस ने तलाशी के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज, लैपटॉप और सीसीटीवी डीवीआर जब्त किए। एसआईटी की यह कार्रवाई अमृतसर और लुधियाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई थी, ताकि दस्तावेजों की पहचान और साक्ष्य इकट्ठा किए जा सकें।
सीए एसोसिएशन ने इस कार्रवाई को गैर-पेशेवर और अनुचित बताया। पेशेवरों का कहना है कि बिना कोर्ट आदेश और वैध समन के क्लाइंट डेटा को जब्त करना राइट टू प्राइवेसी और पेशेवर अधिकारों का उल्लंघन है। इस घटना के बाद लुधियाना में सीए समुदाय में गहरी नाराजगी देखने को मिली है।