अमृतसर | अमृतसर में आम आदमी पार्टी के सरपंच जरमल सिंह की हत्या मामले में पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में गोली चलाने वाले दो मुख्य शूटरों को छत्तीसगढ़ के रायपुर से गिरफ्तार किया है। डीजीपी गौरव यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें से दो आरोपियों की गिरफ्तारी छत्तीसगढ़ से, तीन मोहाली और दो तरनतारन से की गई है।
रायपुर से गिरफ्तार किए गए शूटरों की पहचान सुखराज सिंह उर्फ गंगा (पट्टी, तरनतारन) और करमजीत सिंह (गुरदासपुर) के रूप में हुई है। डीजीपी ने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से इन आरोपियों को पकड़ा गया। दोनों को 14 दिन के ट्रांजिट रिमांड पर पंजाब लाया जा रहा है। वहीं तरनतारन पुलिस ने इसी दिन कुलविंदर सिंह उर्फ किंदा (गांव कलसियां कलां), अरमानदीप सिंह और हरप्रीत सिंह को भी गिरफ्तार किया।
डीजीपी ने खुलासा किया कि इस हत्याकांड को विदेश में बैठे हैंडलरों के निर्देश पर अंजाम दिया गया। पुलिस ने आधुनिक तकनीक और गहन जांच के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
हत्या की घटना:
4 जनवरी को सरपंच जरमल सिंह तरनतारन जिले के गांव वलटोहा से अमृतसर स्थित मैरीगोल्ड रिजॉर्ट शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। समारोह के दौरान खाना खा रहे सरपंच के पास दो हमलावर आए और उनके सिर में गोली मार दी। गंभीर स्थिति में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस फिलहाल पूरे नेटवर्क की पहचान और बाकी आरोपी पकड़ने में लगी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों तक विदेशी हैंडलरों की पहुंच का भी पता लगाया जा रहा है।