चरखी दादरी |चरखी दादरी जिले में घने कोहरे के कारण सोमवार सुबह नेशनल हाईवे 334बी पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। गांव भैरवी के पास तीन वाहनों की आपस में टक्कर हो गई, जिसमें दो लोग घायल हो गए। हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ, जब कोहरे के चलते सड़क पर दृश्यता बेहद कम थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ट्राला क्रशर जोन से निर्माण सामग्री लेकर दादरी की ओर आ रहा था, जबकि दूसरा ट्राला सीमेंट के ब्लॉक्स लेकर दादरी से बाढड़ा की तरफ जा रहा था। गांव भैरवी के पास पेट्रोल पंप से निकलते समय दोनों ट्रालों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्राले बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
इस दुर्घटना के करीब एक घंटे बाद, सुबह लगभग सात बजे बाढड़ा की ओर से दादरी आ रही एक वैगन-आर कार भी हादसे का शिकार हो गई। घने कोहरे के कारण कार चालक को सड़क पर खड़े क्षतिग्रस्त ट्राले नजर नहीं आए और कार उनसे टकरा गई। इस हादसे में कार सवार दो लोगों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही दादरी सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारु करवाने के साथ जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण घना कोहरा और कम दृश्यता बताया जा रहा है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के दौरान सावधानी से वाहन चलाएं और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।