Shimla, 21 January-:भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष डेजी ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा मनाली विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं को 1500 रुपये देने की घोषणा पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी झूठे वादों के सहारे सत्ता में आई और प्रदेश की करीब 28 लाख महिलाओं के साथ ऐतिहासिक धोखा किया है। डेजी ठाकुर ने आरोप लगाया कि महिलाओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर कांग्रेस ने सत्ता हासिल की, लेकिन सत्ता में आते ही अपने वादों से मुकर गई।
डेजी ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश की हर महिला को बिना किसी शर्त हर महीने 1500 रुपये देने की गारंटी दी थी। उस समय न आय सीमा तय की गई थी और न ही किसी तरह की पात्रता की बात की गई थी। लेकिन सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार ने इस वादे को भुला दिया और अब चुनिंदा क्षेत्रों व सीमित संख्या में महिलाओं को इसका लाभ देने की बातें की जा रही हैं।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आज केवल करीब 80 हजार महिलाओं को 1500 रुपये देने की घोषणा कर रहे हैं, जबकि प्रदेश में महिलाओं की संख्या लाखों में है। यह स्पष्ट रूप से भेदभावपूर्ण और धोखेबाज रवैया है। मुख्यमंत्री जहां जाते हैं, वहीं की महिलाओं को अस्थायी घोषणाओं से भ्रमित किया जाता है, जबकि पूरे प्रदेश की महिलाएं आज भी अपने अधिकार से वंचित हैं।
डेजी ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार को बने लगभग तीन साल हो चुके हैं, लेकिन महिलाएं अब भी सरकार से अपने वादे का हिसाब मांग रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब शर्तों का बहाना बनाकर अपनी नाकामी छिपा रही है। भाजपा महिला मोर्चा ने चेतावनी दी कि महिलाओं के साथ हो रहे इस अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा और प्रदेश की महिलाएं आने वाले समय में कांग्रेस को इसका लोकतांत्रिक जवाब देंगी।