Chintpurni, Vikas-:विश्व विख्यात धार्मिक स्थल माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में ईमानदारी और जिम्मेदारी का अनुकरणीय उदाहरण देखने को मिला है। यहां एक श्रद्धालु का महीनों पहले खोया पर्स और मोबाइल फोन मंदिर प्रशासन की सतर्कता और होमगार्ड कर्मियों की ईमानदारी से सुरक्षित अवस्था में वापस लौटाया गया।
पंजाब के होशियारपुर जिले के नवांशहर क्षेत्र के गांव बकापुर गुरु निवासी श्रद्धालु अशोक कुमार पुत्र केवल किशन दिसंबर माह में माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान मंदिर परिसर में उनका पर्स और मोबाइल फोन कहीं खो गया। पर्स में नकद राशि सहित जरूरी दस्तावेज भी मौजूद थे। काफी खोजबीन के बावजूद जब श्रद्धालु को कोई सफलता नहीं मिली तो वह निराश होकर अपने घर लौट गए।इस दौरान मंदिर में तैनात होमगार्ड के इंचार्ज सरदार पूर्ण सिंह को परिसर से पर्स और मोबाइल बरामद हुए। उन्होंने ईमानदारी का परिचय देते हुए पर्स और मोबाइल को सुरक्षित अपने पास रखा और मालिक की पहचान करने का प्रयास जारी रखा। पर्स में मिले आधार कार्ड की मदद से आखिरकार श्रद्धालु से संपर्क किया गया।
सूचना मिलने पर श्रद्धालु अशोक कुमार पुनःचिंतपूर्णी मंदिर पहुंचे, जहां उन्हें उनका पर्स और मोबाइल पूरी तरह सुरक्षित लौटा दिया गया। अपना खोया सामान वापस पाकर श्रद्धालु बेहद भावुक हो गए और उन्होंने होमगार्ड इंचार्ज सरदार पूर्ण सिंह सहित मंदिर प्रशासन का दिल से आभार व्यक्त किया।