Una, Rakesh-:देश के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर ऊना जिला में जिला स्तरीय समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा विकासात्मक योजनाओं पर आधारित झांकियां निकाली गईं, वहीं स्कूली बच्चों और सांस्कृतिक दलों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दी गईं। इस मौके पर मंत्री राजेश धर्माणी ने शहीदों को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
ऊना में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी द्वारा शहीदी स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके पश्चात वे जिला स्तरीय समारोह स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया। मार्च पास्ट में जिला पुलिस, पुरुष होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स और बैंड दलों ने अनुशासित कदमताल कर आकर्षक प्रदर्शन किया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा चलाई जा रही विकासात्मक योजनाओं और उपलब्धियों को दर्शाती रंग-बिरंगी झांकियां भी प्रस्तुत की गईं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी विशेष छटा देखने को मिली। देशभक्ति गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों की गूंज से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी ने प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार द्वारा शिक्षा, रोजगार और विकास के क्षेत्र में चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और प्रदेश को प्रगति की राह पर आगे बढ़ाया जा रहा है।