Summer express, पलवल (सुंदर कुंडू)। हरियाणा दिवस के अवसर पर रविवार को पलवल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंडोर स्टेडियम में जिला स्तरीय हीरक जयंती समारोह का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, पलवल के एसडीएम भूपेंद्र सिंह और नगराधीश प्रीति रावत भी मौजूद रहे।
समारोह के दौरान विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर हरियाणा की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और विरासत की झलक दिखाई। बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।
उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने कहा कि हरियाणा राज्य के गठन के 60 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जिला स्तर पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। समारोह के दौरान उपस्थित लोगों को विकसित भारत और विकसित हरियाणा के निर्माण में योगदान देने की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही लोगों को नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की संस्कृति, संस्कार और पारंपरिक वेशभूषा देशभर में अपनी अलग पहचान रखते हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को अपनी हरियाणवी पहचान पर गर्व करने और प्रदेश की परंपराओं को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया है। हमें अपनी संस्कृति और विरासत का प्रचार-प्रसार करना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इससे जुड़ी रहें।
उपायुक्त ने कहा कि हरियाणा एक है और हरियाणवी एक हैं। प्रदेश की तरक्की के लिए सभी लोगों को आपसी एकता और सहयोग के साथ मिलकर काम करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने में हरियाणा की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र और हरियाणा को विकसित प्रदेश बनाने के लक्ष्य को सामूहिक प्रयासों से हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी कला और प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और क्षेत्रीय पहचान से जोड़ना भी इस तरह के आयोजनों का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।