रेवाड़ी |केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत आम बजट की घोषणाओं का सीधा लाभ रेवाड़ी जिले के लोगों को मिलने वाला है। बजट में स्वास्थ्य, खेल और सामाजिक ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे आमजन के साथ-साथ युवाओं और खिलाड़ियों को भी राहत और नए अवसर मिलेंगे।
बजट में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए कैंसर सहित 17 आवश्यक दवाओं पर आयात शुल्क समाप्त करने की घोषणा की गई है। इससे महंगी दवाएं सस्ती होंगी और गंभीर रोगों के इलाज में मरीजों को आर्थिक राहत मिलेगी। इसके साथ ही सरकारी अस्पतालों की क्षमता 50 प्रतिशत तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इसका असर रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल पर भी दिखेगा, जहां इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा और इलाज की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। फिलहाल जिले में 100 बेड का सरकारी अस्पताल संचालित है, जबकि यहां प्रतिदिन 1800 से 2000 मरीज ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचते हैं। लंबे समय से गंभीर बीमारियों के इलाज की सुविधा न होने के कारण मरीजों को हायर सेंटर रेफर किया जाता रहा है, लेकिन बजट की घोषणाओं से यह स्थिति बदलने की उम्मीद है।
सरकार पहले ही रेवाड़ी में 200 बेड के सरकारी अस्पताल के निर्माण की घोषणा कर चुकी है, जिसकी नई इमारत के निर्माण की प्रक्रिया जारी है। बजट से मिलने वाली अतिरिक्त सहायता से यहां न्यूरो और जनरल सर्जरी जैसी उन्नत सुविधाएं भी शुरू होने की संभावना है।
खेलों को बढ़ावा देने के लिए बजट में ‘मिशन खेलो इंडिया’ को और प्रभावी तरीके से लागू करने की बात कही गई है। इसके तहत खेल सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे और ओलंपिक जैसी प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर सकेंगे।
इसके अलावा बजट में इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे करदाताओं को स्थिरता मिली है। महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में हर जिले में महिला छात्रावास बनाने की घोषणा भी की गई है। रेवाड़ी में इस योजना की प्रक्रिया पहले से चल रही है। कंटेनर डिपो के पास करीब एक एकड़ भूमि पर 100 महिलाओं की क्षमता वाला छात्रावास बनाया जाएगा, जिसे अब राष्ट्रीय स्तर की योजना के तहत बजट समर्थन मिलेगा।
कुल मिलाकर, केंद्रीय बजट की घोषणाएं रेवाड़ी जिले के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक सुविधाओं को नई दिशा देने वाली साबित होंगी।