गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में लाखों रुपये की ज्वेलरी और नकदी चोरी करने वाले घरेलू सहायक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने डीएलएफ फेज-2 स्थित एक घर से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, 30 जनवरी की रात परिवार के दिल्ली जाने के दौरान आरोपी ने घर में रखी कीमती ज्वेलरी और नकदी पर हाथ साफ किया और फरार हो गया। मामले की जांच के बाद थाना पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को इफको चौक के पास से दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नागेंद्र, निवासी मधुबनी (बिहार) के रूप में हुई है। वह करीब दो महीने पहले ही गुरुग्राम में घरेलू सहायक के रूप में काम करने आया था। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पहले भी दिल्ली में एक घर में काम करते हुए चोरी की वारदात कर चुका है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया पूरा सामान बरामद कर लिया है। बरामदगी में 6 सोने की चेन, एक मंगलसूत्र, एक लॉकेट, एक कड़ा, तीन अंगूठियां, सात लग्जरी घड़ियां और करीब 1.25 लाख रुपये नकद शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने इससे पहले और कहां-कहां चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।