जींद। हरियाणा में किसानों को वर्मी कम्पोस्ट और केंचुआ पालन के नाम पर ठगने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने एग्रो नेचर फार्मिंग कंपनी के सीएमडी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर किसानों से करीब 2.28 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपये भी बरामद किए हैं और उससे पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का कार्यालय यमुनानगर के जगाधरी सेक्टर-17 स्थित हुडा ग्राउंड में बताया गया है। मामले की शिकायत गांव कंडेला निवासी किसान राममेहर ने 8 अगस्त 2025 को दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसने खेती के साथ-साथ वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन के लिए कंपनी से संपर्क किया था। कंपनी ने केंचुआ पालन के लिए बेड तैयार करने और गोबर, केंचुआ, पॉलिथीन सहित सभी सामग्री उपलब्ध कराने का भरोसा दिया था।
कंपनी ने प्रति बेड 10 हजार रुपये की दर से काम करने का प्रस्ताव दिया और किसान से दो साल का इकरारनामा भी कराया। इसके बाद राममेहर ने शुरुआत में 10 लाख रुपये कंपनी को दिए। इसमें 7 लाख 90 हजार रुपये चेक के माध्यम से और 2 लाख 20 हजार रुपये नकद भुगतान किया गया।
आरोप है कि कंपनी ने निर्धारित समय से पहले ही काम बंद कर दिया, जिससे किसान को भारी नुकसान हुआ। राममेहर का कहना है कि उसे न केवल 10 लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई बल्कि उसकी एक एकड़ जमीन भी खराब हो गई। जब उसने पैसे वापस मांगे तो आरोपी और उसके साथियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
इस मामले में भिवानी रोड निवासी साहिल बंसल और जलालपुर खुर्द निवासी सुल्तान ने भी धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने कंपनी और उसके पार्टनरों के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया था।
थाना प्रभारी पूजा ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।