नाहन। उत्तराखंड के क्वाणु में हुए एचआरटीसी बस हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक दिनेश कुमार शर्मा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चालक का निधन पीजीआई चंडीगढ़ में देर रात करीब 2 बजे हुआ। वह पिछले पांच दिनों से उपचाराधीन थे।
जानकारी के मुताबिक, 3 फरवरी को चौपाल-नेरवा से पांवटा साहिब जा रही एचआरटीसी बस उत्तराखंड के क्वाणु गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी थी। हादसे के वक्त बस में चालक सहित कुल 34 यात्री सवार थे। इस दुर्घटना में चालक दिनेश कुमार शर्मा को सीने में गंभीर चोटें आई थीं।
हादसे के बाद उन्हें पहले विकासनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। शनिवार तक उनकी हालत में सुधार की बात कही जा रही थी, लेकिन बीती रात अचानक तबीयत बिगड़ने से उन्होंने अंतिम सांस ले ली।
एचआरटीसी चालक-परिचालक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष नवीन ठाकुर ने बताया कि दिवंगत चालक का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव नेरवा में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निगम ने एक अनुभवी और कर्तव्यनिष्ठ चालक को खो दिया है।
चालक की मौत के बाद अब इस दर्दनाक बस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। इससे पहले हादसे में दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
उधर, हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी चालक के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि क्वाणु बस दुर्घटना में घायल चालक दिनेश कुमार का निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।