हिमाचल में मौसम करवट लेने वाला, तेज अंधड़ और बिजली गिरने का यैलो अलर्ट

Karuna
2 Min Read
Summer Express - हिमाचल में मौसम करवट लेने वाला, तेज अंधड़ और बिजली गिरने का यैलो अलर्ट

शिमला | हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर से बिगड़ने वाला है। आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी के साथ तेज अंधड़ और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने सोमवार की रात से मौसम में बदलाव आने का अनुमान जताया है और 10 फरवरी को प्रदेश के लिए यैलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार 8 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर 9, 10 और 11 फरवरी को हिमाचल प्रदेश में दिखाई देगा। हालांकि 9 और 11 फरवरी के लिए किसी प्रकार का विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन इन दिनों भी मौसम खराब रहने और कुछ स्थानों पर बारिश या बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी। 12 और 13 फरवरी को मौसम फिर से साफ रहने का अनुमान है।

जनजातीय जिलों में शीतलहर का प्रकोप

राज्य के जनजातीय इलाकों में तापमान काफी नीचे बना हुआ है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 13.7 डिग्री सेल्सियस और ताबो में माइनस 11.2 डिग्री दर्ज किया गया। किन्नौर के कल्पा में तापमान माइनस 2.4 डिग्री रहा, जो प्रदेश के अन्य हिस्सों की तुलना में काफी कम है।

अन्य ठंडे स्थानों में मनाली में 0.3, भरमौर में 1, भुंतर में 2.6 और धर्मशाला में 3.2 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। सराहन में 3.5, सुंदरनगर और सोलन में 4.1, कांगड़ा में 5.3 और मंडी में 5.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने नागरिकों को सावधानी बरतने और तेज हवा, बिजली और बर्फबारी वाले इलाकों में सुरक्षित रहने की सलाह दी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *