Una, Rakesh-:ऊना में हाल ही में हुए गोलीकांड मामले के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से डीसी जतिन लाल और एसपी अमित यादव द्वारा लगातार सख्त आदेश जारी कर दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से साफ कहा गया है कि आदेशों की अवहेलना पर किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।
पिछले दिनों माइनिंग गतिविधियों से जुड़ी अनियमितताओं पर कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन ने एक स्टोन क्रेशर के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। आदेशों की अनदेखी करने पर स्टोन क्रेशर की बिजली आपूर्ति काट दी गई है, साथ ही उसकी माइनिंग लीज भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी गई है। इतना ही नहीं, रात के समय टिप्परों के माध्यम से माइनिंग मैटेरियल ले जाने पर भी पुलिस ने दो दिनों में पांच एफआईआर दर्ज की हैं।इसी कड़ी में जिला प्रशासन द्वारा नाइट पेट्रोलिंग को मजबूत करने के आदेश जारी किए गए थे, जिसका असर देर रात साफ देखने को मिला। डीसी जतिन लाल और एसपी अमित यादव स्वयं अपने दलबल के साथ रात को सड़कों पर उतरे। उनके साथ एसडीएम समेत अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने हिमाचल-पंजाब बॉर्डर मेहतपुर समेत कई संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया।रात्रि पेट्रोलिंग के दौरान प्रशासन ने आदेशों की अवहेलना करने पर एक शराब के ठेके और एक ढाबे के खिलाफ कार्रवाई भी की। वहीं बाहरी राज्यों से हिमाचल में प्रवेश करने वाली सभी गाड़ियों और बसों की सघन चेकिंग की गई। मेहतपुर बॉर्डर पर पुलिस ने नाका लगाकर हर वाहन की गहन तलाशी ली।
डीसी जतिन लाल ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन अनिवार्य है और उल्लंघन की स्थिति में कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि नाइट पेट्रोलिंग को और अधिक बढ़ाया गया है ताकि किसी भी संभावित घटना को रोका जा सके।एसपी अमित यादव ने भी दोहराया कि जिला पुलिस पूरी सतर्कता के साथ काम कर रही है और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।