समालखा (पानीपत)। शहर की ऑफिसर कॉलोनी में 5 फरवरी की सुबह कमरे में मृत मिले 36 वर्षीय युवक अनिल की मौत की गुत्थी पुलिस ने 72 घंटे के भीतर सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि अनिल की हत्या उसकी पत्नी किरण ने अपने प्रेमी सुधीर के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को दोनों को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा, जबकि पुलिस सुधीर को रिमांड पर लेने की तैयारी में है।
पुलिस के अनुसार मृतक अनिल मूल रूप से गांव कुराना का रहने वाला था और पिछले करीब चार वर्षों से समालखा में अपने परिवार के साथ रह रहा था। घटना के दिन अनिल के माता-पिता पानीपत में अपनी बेटी से मिलने गए हुए थे और रात वहीं रुक गए थे। इसी दौरान सुबह घर से सूचना मिली कि अनिल की मौत हो गई है। जब वे वापस लौटे तो अनिल का शव मकान की लॉबी में पड़ा मिला।
मृतक के पिता लखमी ने पुलिस से डॉक्टरों के बोर्ड के माध्यम से पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी, ताकि मौत के असली कारणों का पता चल सके। उन्होंने यह भी बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। वहीं, परिवार के अन्य सदस्यों ने शुरुआत से ही किरण पर हत्या की आशंका जताई थी।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर सुधीर की लोकेशन ट्रेस की। जांच में मिले सुरागों के बाद पुलिस ने शुक्रवार को किरण और सुधीर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया और दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस ने बताया कि आरोपित सुधीर मृतक अनिल की चचेरी मौसी का बेटा है। रिश्ते में वह किरण का देवर लगता है, इसी कारण उसका अनिल के घर आना-जाना बना रहता था। सुधीर भी शादीशुदा है, जिससे किसी को उनके प्रेम संबंध की भनक तक नहीं लग पाई।
थाना प्रभारी गुलशन कुमार के मुताबिक किरण और सुधीर के बीच करीब आठ महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों अनिल को रास्ते से हटाने की योजना बना रहे थे। वारदात वाली रात दोनों के बीच व्हाट्सएप कॉल पर बातचीत भी हुई थी। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि अनिल की हत्या मुंह दबाकर की गई।
हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विसरा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह हो सकेगी।