हमीरपुर, अरविन्द-:हमीरपुर में मानव तस्करी और बाल श्रम का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से जिला बाल कल्याण समिति को प्राप्त हुई थी, जिसके बाद महिला पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।
जानकारी के अनुसार झारखंड से लाए गए नाबालिग बच्चों से मजदूरी करवाई जा रही थी। पुलिस ने एक बच्चे को कुल्लू और दूसरे को हमीरपुर से सुरक्षित रेस्क्यू किया। मुख्य आरोपी के दिल्ली में होने की आशंका जताई जा रही है और पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच की जा रही है।गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला दुलारी देवी निवासी झारखंड शामिल है। पुलिस के अनुसार वह कथित रूप से पांच नाबालिग बच्चों को हिमाचल एक व्यक्ति के कहने पर लाई थी। मामले में पैसों के लेनदेन की भी जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 16 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
जिला बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष मनीष राणा ने बताया कि बच्चों को उनके परिजनों से मिलवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ठाकुर ने कहा कि बाल श्रम और मानव तस्करी के हर पहलू की जांच की जा रही है तथा अन्य संदिग्धों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।