कांगड़ा, विकास-:अटूट श्रद्धा और विश्वास का एक प्रेरणादायक दृश्य सोमवार सुबह मंदिर परिसर में देखने को मिला, जब पंजाब से आए एक श्रद्धालु परिवार ने माता रानी के चरणों में 25 तोले सोने का मुकुट और टीका अर्पित किया। भक्त का कहना है कि उनकी लंबे समय से चली आ रही मनोकामना माता की कृपा से पूर्ण हुई, जिसके उपलक्ष्य में उन्होंने यह विशेष भेंट चढ़ाने का संकल्प लिया था।
मंदिर के पुजारी संदीप कालिया ने बताया कि श्रद्धालु सुबह पूजा-अर्चना के बाद पूरे विधि-विधान के साथ यह सोने का मुकुट और टीका लेकर पहुंचे। मंदिर प्रशासन की उपस्थिति में भेंट को माता रानी के श्रृंगार में शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की भेंट केवल आर्थिक मूल्य नहीं दर्शाती, बल्कि भक्तों की गहरी आस्था, समर्पण और विश्वास का प्रतीक होती है।भेंट की जानकारी मिलते ही मंदिर में मौजूद अन्य श्रद्धालुओं में भी उत्साह का माहौल बन गया। कई भक्तों ने इसे माता रानी की महिमा और कृपा का प्रमाण बताया। मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा और भक्ति भाव से वातावरण भक्तिमय बना रहा।