कैथल, 16 फरवरी-:कैथल में जिला कांग्रेस ने आज लघु सचिवालय के बाहर केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।कार्यकर्ताओं ने किसान ट्रेड डील, वृद्धावस्था पेंशन में कटौती, राशन कार्ड निरस्त करने और हरियाणा लोक सेवा आयोग में भर्ती से जुड़े फैसलों पर कड़ा एतराज जताया। प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर के नेतृत्व में सुबह से ही सैकड़ों कार्यकर्ता लघु सचिवालय परिसर में एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर ‘किसान हितों की रक्षा करो’, ‘पेंशन बहाल करो’, और ‘युवाओं के साथ अन्याय बंद करो’ जैसे नारे लगाए।नेताओं का कहना है कि केंद्र सरकार की ट्रेड नीतियां किसानों के हितों के खिलाफ हैं और इससे कृषि क्षेत्र पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। वहीं राज्य सरकार पर आरोप लगाया गया कि वृद्धावस्था पेंशन और पात्र लोगों के राशन कार्ड काटे जा रहे हैं, जिससे गरीब और बुजुर्ग वर्ग प्रभावित हो रहा है।
इसके अलावा, हरियाणा लोक सेवा आयोग की भर्तियों में बाहरी उम्मीदवारों से जुड़े मुद्दे को भी उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और स्थानीय युवाओं के हितों के अनुरूप होनी चाहिए।प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने सरकार से जनहित के फैसले लेने की अपील की।