कर्नाटक | कर्नाटक के बेलगावी जिले के एक मंदिर में दानपात्र से ऐसी चिट्ठी बरामद हुई है, जिसने सभी को चौंका दिया। नियमित रूप से दानपात्र में जमा चढ़ावे की गिनती के दौरान 100 रुपये के नोट के अंदर एक पर्ची मिली, जिसमें भगवान से सास की मौत की प्रार्थना की गई थी।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, दानपात्र खोले जाने के बाद जब कर्मचारी राशि की गणना कर रहे थे, तभी एक नोट के भीतर रखी पर्ची नजर आई। पर्ची में लिखा था, “हे भगवान, मेरे दुख दूर करो और अगले साल तक मेरी सास की मृत्यु हो जाए।” इस संदेश को पढ़कर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए।
चिट्ठी पर किसी प्रकार का नाम, पता या पहचान संबंधी विवरण नहीं मिला है। आमतौर पर श्रद्धालु मंदिर में सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और पारिवारिक खुशहाली की कामना करते हैं, लेकिन इस तरह की नकारात्मक प्रार्थना ने लोगों के बीच चर्चा छेड़ दी है।
बताया जा रहा है कि दानपात्र से चिट्ठी मिलने का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। घटना के बाद लोग इसे पारिवारिक विवाद का परिणाम बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे भावनात्मक आवेश में लिखा गया संदेश मान रहे हैं।
फिलहाल मंदिर प्रशासन ने मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।