मानसा। पंजाब के मानसा जिले में शुक्रवार को दोहरी हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां सरदूलगढ़ क्षेत्र स्थित एक फार्महाउस में अज्ञात हमलावरों ने एक व्यापारी और उसके कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान व्यापारी जसवीर सिंह और उनके कर्मचारी बलदेव सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह दोनों फार्महाउस पर मौजूद थे, इसी दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने उन पर गोलियां चला दीं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जो मौके से सबूत जुटाने में लगी हुई है। फिलहाल हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
मृतक जसवीर सिंह के चाचा सतपाल सिंह ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 10 बजे इस घटना की जानकारी मिली। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
इस संबंध में एसएसपी भागीरथ सिंह मीणा ने बताया कि पुलिस को फार्महाउस में दो लोगों की हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।