नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली के कई स्कूलों को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्कूल परिसरों में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के सरदार पटेल विद्यालय और सलवान पब्लिक स्कूल सहित कम से कम तीन शिक्षण संस्थानों को सुबह संदिग्ध ईमेल भेजे गए, जिनमें स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। मामले की सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को अवगत कराया।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों के मुताबिक, सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत स्कूलों की ओर रवाना की गईं। सुरक्षा एजेंसियां स्कूल की इमारतों, कक्षाओं, गलियारों और आसपास के इलाकों की बारीकी से जांच कर रही हैं।
एहतियात के तौर पर स्कूल प्रशासन ने सभी छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर बाहर निकाल दिया है। इस दौरान स्कूल परिसरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।
सरदार पटेल विद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों को भेजे गए संदेश में बताया कि सुबह स्कूल को सुरक्षा संबंधी धमकी प्राप्त हुई थी। इसके बाद तुरंत सभी आवश्यक कदम उठाए गए और छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
अधिकारियों के अनुसार अब तक जांच के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।