अंबाला | हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के चेयरमैन एवं वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी डीजी आलोक मित्तल ने शुक्रवार को अंबाला का दौरा किया और महेश नगर पुलिस स्टेशन की नई इमारत का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि थाने का उद्घाटन जुलाई के पहले सप्ताह तक हर हाल में करना सुनिश्चित किया जाए।
अलोक मित्तल ने अंबाला-साहा हाईवे पर निर्माणाधीन बैंक स्क्वेयर और महेश नगर थाने का करीब 30 मिनट तक बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और नक्शे के अनुसार सुविधाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फिनिशिंग के काम में तेजी लाई जाए, ताकि जनता को तय समय सीमा के भीतर पूरी सुविधा मिल सके।
दौरे के दौरान थाने के मुख्य रास्ते को लेकर चल रहे जमीन विवाद पर भी चर्चा हुई। चेयरमैन ने अधिकारियों से कहा कि यह विवाद जल्द से जल्द सुलझाया जाए, ताकि मार्ग का निर्माण बाधित न हो। अंबाला के एसपी अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया सरकार स्तर पर लंबित है, लेकिन जल्द ही तकनीकी अड़चन दूर कर दी जाएगी।
डीजी आलोक मित्तल ने यह भी जोर देकर कहा कि जनता को सुविधाजनक और आधुनिक पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निर्माण कार्य में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उनका मानना है कि महेश नगर थाना अंबाला के नागरिकों के लिए सुरक्षा और सेवा का प्रतीक बनेगा।
अंबाला प्रशासन ने भरोसा जताया कि सभी निर्माण और औपचारिकताओं को समय रहते पूरा कर जुलाई के पहले सप्ताह में थाने का उद्घाटन किया जाएगा।