गुरुग्राम | गुरुग्राम में शालीमार एक्सप्रेस ट्रेन में अत्यधिक भीड़ के कारण एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। भीड़ की वजह से महिला ट्रेन के गेट पर खड़ी होकर सफर कर रही थी। इसी दौरान ट्रेन के ट्रैक बदलने पर लगे तेज झटके से वह नीचे गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान नोएडा के मकसूदपुर निवासी 31 वर्षीय आंचल त्यागी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आंचल 9 फरवरी को गुरुग्राम के भांगरौला इलाके में रहने वाले अपने भाई के घर आई हुई थीं। वह अपनी मां ममता के साथ शालीमार एक्सप्रेस से मेरठ जाने के लिए गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार हुई थीं।
बताया जा रहा है कि ट्रेन में काफी भीड़ थी, जिसके कारण आंचल को गेट के पास खड़े होकर ही यात्रा करनी पड़ रही थी। इसी दौरान गुड़गांव और बिजवासन रेलवे स्टेशन के बीच चौमा फाटक के पास ट्रेन ने जैसे ही ट्रैक बदला, अचानक जोरदार झटका लगा और आंचल संतुलन खोकर नीचे गिर गईं। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल जीआरपी पूरे मामले की जांच कर रही है।