ऐलनाबाद (सिरसा | सिरसा जिले के ऐलनाबाद क्षेत्र के गांव धौलपालिया में शनिवार को उस समय हलचल मच गई, जब किसानों को खेतों में कुछ संदिग्ध गुब्बारे पड़े मिले। इन गुब्बारों पर पाकिस्तान के लाहौर स्थित एक कॉलेज के कार्यक्रम का नाम लिखा हुआ बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार खेतों में काम कर रहे किसानों ने जब इन गुब्बारों को देखा तो उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने तुरंत प्रशासन और पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी प्रगट सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गुब्बारों का निरीक्षण किया। साथ ही ग्रामीणों से भी इस संबंध में जानकारी जुटाई गई।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि ये गुब्बारे किसी कार्यक्रम के दौरान छोड़े गए होंगे, जो हवा के रुख के कारण सीमा पार से उड़ते हुए यहां तक पहुंच गए। हालांकि पुलिस मामले के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
घटना की खबर फैलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और यह चर्चा का विषय बन गया। पुलिस ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है और किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत प्रशासन को देने को कहा है।
थाना प्रभारी प्रगट सिंह ने बताया कि गुब्बारों पर लिखे विवरण के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। फिलहाल स्थिति सामान्य है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
Top of Form
Bottom of Form