Summer Express, चरखी दादरी | भवन निर्माण कामगार यूनियन के आह्वान पर 24 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘जन आक्रोश रैली’ में दादरी जिले से सैकड़ों निर्माण श्रमिक और कारीगर भाग लेंगे। इसको लेकर यूनियन नेताओं ने क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है।
यूनियन के जिला संयोजक सुमेर सिंह, खंड प्रधान भूप सिंह नांधा और ब्लॉक कोषाध्यक्ष रोशन लाल ने बताया कि श्रमिकों में विभिन्न मुद्दों को लेकर गहरा असंतोष है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से निर्माण मजदूरों का पोर्टल बंद होने के कारण पंजीकरण और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
श्रमिक नेताओं का कहना है कि कई बार सरकार की ओर से आश्वासन मिलने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ, जिससे मजदूरों में नाराजगी बढ़ी है। इसके अलावा श्रम कानूनों में किए गए बदलावों को लेकर भी विरोध जताया जा रहा है। उनका आरोप है कि नए लेबर कोड लागू होने के बाद श्रमिकों के कार्यघंटों और अधिकारों पर असर पड़ा है।
यूनियन ने यह भी कहा कि मजदूरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, जैसे रोजगार सुरक्षा, न्यूनतम वेतन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में कटौती को लेकर भी असंतोष है। इन सभी मांगों को लेकर 24 मार्च की रैली को महत्वपूर्ण बताया जा रहा है।
यूनियन नेताओं के अनुसार, यह रैली मजदूरों के अधिकारों और मांगों को लेकर एक बड़ा प्रदर्शन होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रमिक भागीदारी करेंगे।