Summer Express, लुधियाना | नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लुधियाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना डाबा पुलिस ने दो आरोपियों को हेरोइन के साथ गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 65 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान युवराज झा और दिव्यांशु गुप्ता के रूप में हुई है। थाना प्रभारी एसआई प्रमोद राज के अनुसार, पुलिस टीम लोहारा रोड स्थित इंडियन स्कूल के पास गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक इलाके में नशा बेचने के लिए घूम रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी की और दोनों संदिग्धों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से 30 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों के घर से 35 ग्राम और हेरोइन बरामद की गई।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा, ताकि उनसे नशा तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चेन के बारे में विस्तृत पूछताछ की जा सके।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।