Summer express,पलवल | खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने रविवार को मोहन नगर में श्री राधा कृष्ण मंदिर का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालु और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
शिलान्यास समारोह में बोलते हुए खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि श्री राधा कृष्ण मंदिर केवल पूजा का केंद्र नहीं बल्कि एक प्रेरणा स्थल भी होगा। यह मंदिर सनातन संस्कृति को आगे बढ़ाने और युवाओं में नैतिक और सांस्कृतिक संस्कार विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि आज की दुनिया में अफरा-तफरी का माहौल है, लेकिन भगवान की असीम कृपा से भारत में शांति और सौहार्द्र कायम है।
गौरव गौतम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं और उनके कुशल नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। मंत्री ने यह भी बताया कि जब से भाजपा सरकार केंद्र में आई है, भारत को विश्व स्तर पर अलग और सम्मानजनक पहचान मिली है, और अन्य देशों में भारत को उच्च सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है।
शिलान्यास समारोह के दौरान स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने मंदिर निर्माण के लिए खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम की पहल की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह मंदिर धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनकर क्षेत्र के लोगों के लिए मार्गदर्शन और प्रेरणा का स्रोत साबित होगा।
मंत्री गौरव गौतम ने अंत में सभी से आह्वान किया कि वे मंदिर के निर्माण और सांस्कृतिक गतिविधियों में सहयोग दें, ताकि यह केंद्र आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरक स्थल के रूप में उभर सके।