Summer express,फतेहाबाद | फतेहाबाद के जाखल क्षेत्र से सटे पंजाब के गांव बंगा बसेरा में मंगलवार अल सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान हिमांशु जिंदल और विशाल जिंदल के रूप में हुई है, जो जाखल के रहने वाले थे और स्थानीय स्तर पर आढ़त का कारोबार करते थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों भाई अपने चाचा दर्शन के बेटे की शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापस जाखल लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि वे दिड़बा (पातड़ा के पास) में आयोजित शादी से अपनी कार में लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
यह दुर्घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई।
परिवार में खुशियों का माहौल पल भर में मातम में बदल गया। दोनों भाइयों की अचानक मौत से परिवार और इलाके में शोक की लहर है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दोनों शवों को पातड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।