Summer express, बहादुरगढ़ | मातन गांव में एक महिला की हत्या कर उसका शव सड़क किनारे कच्चे नाले में फेंक दिया गया। मृतका की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस हत्या के कारण और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
मृतका के सिर और चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे संभावना जताई जा रही है कि हत्या किसी और जगह हुई और शव नाले में फेंका गया। महिला के दोनों हाथों और सीने पर कई नाम लिखे मिले हैं।
मांडौठी चौकी प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि मामले की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर चुकी है। शव को सिविल अस्पताल लाया गया, लेकिन विशेषज्ञ न होने के कारण पोस्टमार्टम झज्जर भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, महिला ने पायजामी, सूट और चुनरी पहनी हुई थी। बाएं हाथ पर ‘ममता, सोनू, राकेश’ और दाहिने हाथ पर ‘ममता, ईश्वर, राजकुमारी पाल’ नाम लिखे थे। सीने पर भी दो नाम दर्ज थे।
मृतका के साथ कोई अन्य असामान्य गतिविधि हुई या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आसपास के थानों में लापता महिलाओं का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि शव की पहचान के बाद ही हत्या के कारण और आरोपी का पता लग सकेगा।