पंचकूला | पंचकूला पुलिस ने अवैध खनन रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई करते हुए पिंजौर क्षेत्र के गिरिड़ा गांव में एक टिप्पर और एक जेसीबी मशीन को जब्त किया। डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि बरसाती नदी के पास अवैध खनन जारी है।
पुलिस की एंटी-इलीगल माइनिंग टीम ने मौके पर दबिश दी और देखा कि माइनिंग माफिया पुलिस को देखकर वाहन के साथ भागने का प्रयास करने लगे। तत्परता से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर काबू कर लिया।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने कहा कि पकड़े गए टिप्पर और जेसीबी को थाना पिंजौर में खड़ा कर माइनिंग विभाग को सूचना दी गई। माइनिंग विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को इंपाउंड कर लिया।
पंचकूला पुलिस का कहना है कि अवैध खनन रोकने के लिए लगातार सघन गश्त और छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से माइनिंग माफिया पर नियंत्रण और कानून का पालन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की कार्रवाई की सराहना की और कहा कि अवैध खनन के कारण पर्यावरण को नुकसान पहुँच रहा था और अब इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत होगी।