Summer express,शिमला। शिमला जिले के सुन्नी थाना क्षेत्र अंतर्गत बसंतपुर में एक भयावह हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी मचा दी है। बिहार के 25 वर्षीय प्रवासी मजदूर राम प्रवेश राम उर्फ कुटुम्ब की निर्मम हत्या कर उनके शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफन कर दिया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी अरुण कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो साथी अभी फरार हैं।
जानकारी के अनुसार, राम प्रवेश राम पुत्र चतुरी राम, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) के निवासी, बसंतपुर में अपने दो-तीन साथियों के साथ किराए के कमरे में रहते थे और आरसीसी पक्के मकान बनाने का मजदूरी का काम करते थे। 3-4 मार्च 2026 की रात होली के त्योहार के दौरान आरोपियों और मृतक के बीच झगड़ा हुआ। पुलिस जांच में सामने आया कि इसी झगड़े के दौरान अरुण कुमार और उसके साथियों ने राम प्रवेश की हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को बसंतपुर क्षेत्र के खेत में गड्ढा खोदकर दबा दिया ताकि कोई सबूत न मिले। जब युवक का फोन स्विच ऑफ हो गया और वह लापता हो गया, तो 15 मार्च 2026 को उसके पिता चतुरी राम ने सुन्नी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की और मोबाइल कॉल डिटेल, तकनीकी विश्लेषण तथा स्थानीय पूछताछ के आधार पर पता लगाया कि हत्या उसी रात हुई थी। मुख्य संदिग्ध अरुण कुमार (31 वर्ष, निवासी देवी छपरा, जिला पूर्वी चंपारण, बिहार) को पुलिस ने 25 मार्च 2026 को बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार कर लिया। अन्य दो आरोपी विकेश कुमार और महेश कुमार अब भी फरार हैं, उनके खिलाफ छापेमारी जारी है।
सुन्नी थाना प्रभारी ने बताया कि मामला गंभीर है और जांच के हर पहलू पर काम किया जा रहा है। आरोपी अरुण ठेकेदारी का काम करता था और बसंतपुर में ही एक पक्के मकान का ठेका लिया हुआ था। सभी आरोपी बिहार के रहने वाले थे और शिमला में मजदूरी कर रहे थे।
इस घटना ने बसंतपुर और आसपास के इलाके में सनसनी मचा दी है और प्रवासी मजदूरों में भी आक्रोश है। पुलिस ने हत्या, अपहरण और सबूत मिटाने की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।