Summer Express,नारनौल | जिले के गांव जाटवास में मंदिर निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ यह विवाद कुछ ही देर में ईंट-पत्थरबाजी में बदल गया, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस झड़प में दोनों पक्षों के करीब 12 लोग घायल हो गए।
ग्रामीणों के मुताबिक, एक पक्ष गांव में मंदिर निर्माण कार्य कर रहा था, जबकि दूसरा पक्ष इसका विरोध जता रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई, जो धीरे-धीरे बढ़ती चली गई। देखते ही देखते हालात इतने बिगड़ गए कि दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। अचानक हुई इस हिंसा से आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।
घटना में घायल हुए लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। इस दौरान एक पक्ष ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष ने निर्माणाधीन मंदिर की मूर्ति को भी नुकसान पहुंचाया है।
गौरतलब है कि मंदिर निर्माण को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव पहले से ही बना हुआ था। करीब एक माह पहले भी इसी मुद्दे को लेकर दोनों गुट आमने-सामने आ चुके हैं।
सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नारनौल पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।