Summer Express,नारनौल | नारनौल शहर में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान गांव कोजिंदा निवासी करीब 50 वर्षीय मंजू देवी के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, मंजू देवी नारनौल के एक निजी अस्पताल में कार्यरत थी और शनिवार रात उसकी नाइट ड्यूटी थी। रविवार सुबह ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अस्पताल के स्टाफ के साथ बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रही थी।
रास्ते में गांव कोजिंदा से करीब एक किलोमीटर पहले कडियावाला मंदिर के पास बने स्पीड ब्रेकर पर अचानक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में मंजू देवी सड़क पर गिर गई और उसके सिर में गंभीर चोट आई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की सूचना परिजनों को दी और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
बताया जा रहा है कि मंजू देवी के पति का एक साल पहले कैंसर से निधन हो चुका है। परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दोनों बेटे मानसिक रूप से कमजोर बताए जा रहे हैं। महिला की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।