Summer express/बिलासपुर, सुभाष -:बिलासपुर के ऐतिहासिक लुहणू क्रिकेट मैदान में पहली बार अंडर-19 महिला टी-20 चैलेंजर ट्रॉफी का शानदार आगाज हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ उपायुक्त किरण भड़ाना ने पहले मुकाबले की बैटिंग सेरेमनी के साथ किया। इस अवसर पर पूर्व भारतीय महिला क्रिकेट खिलाड़ी नौशीन विशेष रूप से मौजूद रहीं। देशभर से पहुंची युवा महिला क्रिकेट खिलाड़ियों के उत्साह से मैदान में खेल का माहौल देखने को मिला।
बिलासपुर क्रिकेट संघ के सचिव विशाल जगोता ने बताया कि यह प्रतियोगिता भारतीय महिला क्रिकेट के भविष्य के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। चैलेंजर ट्रॉफी में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर आगामी एशिया कप और वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम के चयन की प्रक्रिया में मदद मिलेगी। ऐसे में देश की प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का बड़ा अवसर मिला है।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला इंडिया ए और दूसरी टीम के बीच खेला गया। इसमें इंडिया ए ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला लिया। सभी टीमों को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ और बिलासपुर क्रिकेट संघ की ओर से बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।आयोजन को खास बनाने के लिए इस बार ‘छोटे कदम बड़े अरमान, बेटियां बनेगी भारत की शान’ थीम रखी गई है। इसी थीम के अनुरूप पूरे लुहणू क्रिकेट मैदान को आकर्षक पिंक थीम में सजाया गया है। मैदान की सजावट महिला क्रिकेट को प्रोत्साहित करने और बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने का संदेश दे रही है।विशाल जगोता ने कहा कि बिलासपुर के लिए यह ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर है कि पहली बार यहां राष्ट्रीय स्तर की अंडर-19 महिला क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इससे स्थानीय युवा खिलाड़ियों को देश की उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं का खेल देखने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।